Thursday, January 29, 2009

झारखंड: झाविमो नेता पर जानलेवा हमला

रांची [शेखर]। सिमडेगा के बानो में मंगलवार देर रात झारखंड विकास मोर्चा [झाविमो] के नेता दिलीप सिंह पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया, जिसमें वे बुरी तरह से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हथियारों से लैस 4 अपराधियों ने देररात उनके घर में घुस कर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक गोली दिलीप सिंह के हाथ में लग गई।

द्वारा जागरण संवाददाता

बिहार में कई नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

मुजफ्फरपुर [बिहार]। मुजफ्फरपुर जिले में बृहस्पतिवार देर रात हुई मुठभेड़ में कई नक्सली मारे गए, जबकि एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया। पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पारु थाना क्षेत्र के चतुरपट्टी गांव में नक्सलियों के छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात छापेमारी की। पुलिस बल से अपने को घिरा पा नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग कई जिसमें कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। देर रात चली इस मुठभेड़ में पुलिस का एक जवान ओमप्रकाश तिवारी भी शहीद हो गया। मारे गए एक नक्सली की पहचान कामेश्वर राम के रूप में हुई है, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर नक्सली अन्य शवों को अपने साथ उठाकर ले जाने में सफल रहे।

पुलिस नक्सलियों को संरक्षण देने वाले कुछ लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।

द्वारा जागरण संवाददाता


बिहार में 78 नरमुंडों के साथ एक गिरफ्तार


छपरा [जासं]। शहर के बस स्टैंड से पुलिस ने 78 नरमुंडों और दस मानव अस्थियों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। नरमुंड और अस्थियां दो बड़े बैगों में रखे गए थे। वह इन्हें बनारस से लाया था और सिलीगुड़ी पहुंचाने के लिए बस के इंतजार में खड़ा था। गिरफ्तार व्यक्ति बिहार के पूर्वी चम्पारण के तुर्रकौलिया थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव का निवासी राजदेव साह है।

मंगलवार को राजदेव ने पुलिस को बताया कि नरमुंडों और हड्डियों को उसने वाराणसी में डोम समुदाय से खरीदा है। सिलीगुड़ी में राजेन्द्र मेडिकल कालेज के एक प्राध्यापक इसके खरीदार हैं। उसने बताया कि यह पांच गुणा मुनाफे का धंधा है। वाराणसी में एक नरमुंड व हड्डी 10 से 12 रुपए में मिलते हैं जो सिलीगुड़ी में प्रति पीस 40 से 50 रुपए में बिकते हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।

द्वारा जागरण संवाददाता

बिहार में सिनेमाघर से 3 जिंदा बम बरामद



किशनगंज [जागरण संवाददाता] बिहार के किशनगंज शहर में मेट्रो सिनेमा हाल की बालकनी से मिठाई के डिब्बे में रखे तीन जिंदा बम एसएसबी पुलिस जवानों ने बरामद किए। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बाद में इन बमों को निष्क्रिय कर दिया गया। सिनेमा हाल में बम की खबर से मार्केट पुलिस छावनी में तब्दील हो गई है। पुलिस छानबीन कर रही है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को मध्याह्न एसएसबी 21 वीं वाहिनी के उप समादेष्टा एस.वर्मा को सूचना मिली कि मेट्रो सिनेमा को बम से उड़ाने की तैयारी है। सूचना मिलने ही उप समादेष्टा ने इसकी जानकारी एसपी एमआर नायक को दी। पुलिस बल के साथ पहुंचे पदाधिकारियों ने मेट्रो सिनेमा पहुंच पहले दर्शकों को सुरक्षित निकाला। तलाशी अभियान के क्रम में पालीथीन में एक मिठाई का डिब्बा मिला। बाहर निकालकर जब डिब्बा खोला गया तो तीन जिंदा बम मिले। एसपी ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने बम को प्लांट कर दहशत फैलाने की चेष्टा की थी। इस सिलसिले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


द्वारा जागरण संवाददाता